त्याग, संघर्ष और जनहित के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है श्रीदेव सुमन का जीवन

टिहरी। अमर शहीद श्रीदेव सुमन की पुण्यतिथि पर जिला कारागार नई टिहरी स्थित स्मृति स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर वृक्षारोपण, मैराथन प्रतियोगिता और जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित हुए। छात्र-छात्राओं ने मार्चपास्ट कर देशभक्ति के नारे लगाए। मैराथन के विजेताओं को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि श्रीदेव सुमन का त्याग, संघर्ष और बलिदान युवाओं को राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है।

श्रीदेव सुमन की पुण्यतिथि दी श्रद्धांजलि
जखोली। विकासखंड जखोली के नागेंद्र इंटर कॉलेज बजीरा सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अमर शहीद श्रीदेव सुमन की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके त्याग, बलिदान और जनक्रांति में योगदान को याद किया। प्रधानाचार्य बीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि श्रीदेव सुमन का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर विद्यालय में पौधरोपण अभियान का भी शुभारंभ किया गया।

छात्र-छात्राएं और उत्कृष्ट कार्मिक सम्मानित
उत्तरकाशी। श्रीदेव सुमन साहित्य एवं कला स्मृति मंच के तत्वावधान में जिला मुख्यालय ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान और जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मेधावी छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्मिकों को सम्मानित किया। वक्ताओं ने अमर शहीद श्रीदेव सुमन के त्याग, बलिदान और राष्ट्रसेवा से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

श्रीदेव सुमन को अर्पित की श्रद्धांजलि
उत्तरकाशी। अमर शहीद श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस पर विकास भवन परिसर में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि श्रीदेव सुमन का त्याग, संघर्ष और राष्ट्रसेवा सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। टिहरी रियासत की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध उनका संघर्ष सत्य, न्याय और जनसेवा का प्रतीक है।

उत्तरकाशी पुलिस ने दी श्रद्धांजलि
उत्तरकाशी। अमर शहीद एवं टिहरी जनक्रांति के महानायक श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस पर उत्तरकाशी पुलिस ने श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस लाइन ज्ञानसू में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके त्याग, संघर्ष और राष्ट्रसेवा को नमन किया। उन्होंने कहा कि श्रीदेव सुमन का बलिदान सत्य, न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
