कांवड़ मेला ड्यूटी से पहले रिक्रूट आरक्षियों को एसएसपी ने किया ब्रीफ


टिहरी। आगामी कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों के तहत पुलिस लाइन चंबा स्थित आरटीसी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने हरिद्वार और मुनि की रेती में ड्यूटी पर तैनात लगभग 200 प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षियों को ब्रीफ किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा श्रद्धालुओं के प्रति विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और विश्वास कायम रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई, समन्वय और संचार व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षुओं से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि कांवड़ मेला ड्यूटी व्यवहारिक पुलिसिंग सीखने का महत्वपूर्ण अवसर है, जिसे पूरी निष्ठा, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ निभाया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!