एसएसपी चिकित्सा केंद्र का किया उद्घाटन

टिहरी। पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने पुलिस लाइन चंबा में नवनिर्मित चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों का स्वास्थ्य और कल्याण विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है, क्योंकि वे दिन-रात जनता की सुरक्षा और सेवा में समर्पित रहते हैं। उन्होंने कहा कि यह चिकित्सा केंद्र पुलिस कर्मियों और उनके आश्रितों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं शीघ्र एवं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराएगा। एसएसपी ने केंद्र का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को दवाओं, उपकरणों तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह, क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्र मोहन सिंह, प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक आदित्य तिवारी, प्रतिसार निरीक्षक अमित सिंह सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
