24 घंटे में खुली पाइप चोरी, 8 लाख का सामान बरामद


टिहरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर करीब आठ लाख रुपये मूल्य के चोरी हुए 32 लोहे के पानी के पाइप बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त ट्रक और अन्य स्क्रैप सामग्री भी कब्जे में ली है।
14 जुलाई को ग्राम साबली निवासी जयराज सिंह खंडका की शिकायत पर गजा-चंबा मोटर मार्ग स्थित पंपिंग योजना से पाइप चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सुरागरसी और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर कार्रवाई करते हुए हरिद्वार के सलेमपुर क्षेत्र से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ईंट सप्लाई का कार्य करते हैं और अतिरिक्त कमाई के लालच में पाइप चोरी कर उन्हें रुड़की में कबाड़ी को बेचने जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहबान और उस्मान के रूप में हुई है। कार्रवाई में कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस एवं सीआईयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!