आयुक्त गढ़वाल ने एसआईआर की समीक्षा कर मतदान केंद्रों का लिया जायजा

पौड़ी। हरेला पर्व के अवसर पर गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कोटद्वार स्थित पनियाली गेस्ट हाउस परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद आयुक्त ने तहसील सभागार में भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा की। उन्होंने मतदाता सूची के अद्यतनकरण, दावों-आपत्तियों के निस्तारण और प्रस्तावित नए मतदान केंद्रों की तैयारियों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा सभी कार्य समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरे किए जाएं।
आयुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया। बैठक में बीएलओ ऊषा देवी द्वारा 12 दिनों में एसआईआर कार्य पूरा करने पर उनकी सराहना की गई। इसके बाद उन्होंने कोटद्वार क्षेत्र के छह मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर पेयजल, विद्युत, शौचालय, रैंप और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा सभी व्यवस्थाएं निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
