लक्सर में अवैध मावा फैक्ट्रियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो इकाइयां सील

लक्सर। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग, तहसील प्रशासन और लक्सर पुलिस की संयुक्त टीम ने खरंजा कुतुबपुर में अवैध मावा निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो इकाइयों पर छापेमारी की। जांच में दोनों इकाइयां बिना वैध खाद्य लाइसेंस संचालित पाई गईं, जिसके बाद उन्हें सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। अपर आयुक्त खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल आर.एस. रावत के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान कुरबान और इलियास की इकाइयों से मावा निर्माण में प्रयुक्त दूध के तीन नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत न करने पर दोनों संचालकों के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। कार्रवाई में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, तहसीलदार लक्सर, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन तथा पुलिस टीम मौजूद रही। प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी।
