मोबाइल स्नैचिंग का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / बादल गोस्वामी,
देहरादून। दून पुलिस ने प्रेमनगर क्षेत्र में हुई मोबाइल स्नैचिंग की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोटरोला मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी बरामद की है। एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से झाझरा पुलिस चौकी के पास से फरमान (19) और सुहेल (23) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। घटना 14 जुलाई को केहरी गांव फ्लाईओवर के पास हुई थी, जहां स्कूटी सवार बदमाश युवती के हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
