70 स्थानीय लोगों को दिया खोज-बचाव का प्रशिक्षण
रुद्रप्रयाग। आपदा की दृष्टि से संवेदनशील तुंगनाथ धाम में उत्तराखण्ड प्रशासन अकादमी, नैनीताल के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ द्वारा एक दिवसीय आउटरीच प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में लगभग 70 स्थानीय लोगों ने भाग लिया, जिन्हें अतिवृष्टि, भूस्खलन, वज्रपात एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के व्यावहारिक उपाय बताए गए।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को खोज एवं बचाव (सर्च एंड रेस्क्यू), सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, आपदा जोखिम न्यूनीकरण तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की जानकारी दी। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, युवक-युवती मंगल दल, व्यापारी, स्थानीय पुरोहित और अन्य नागरिक शामिल रहे।
