जमरिया के दो किसानों ने सेब बागवानी से लिखी आत्मनिर्भरता की मिसाल, हर साल कमा रहे लाखों रुपये


पौड़ी। पौड़ी जनपद के बीरोंखाल विकासखंड के सीमांत गांव जमरिया के दो प्रगतिशील किसान सुरेंद्र सिंह रावत और मंगल सिंह चौधरी आधुनिक सेब बागवानी के जरिए आत्मनिर्भरता की नई मिसाल बन गए हैं। दोनों किसानों ने लगभग 1,500-1,500 सेब के पौधे तैयार कर आधुनिक तकनीक अपनाई और अब प्रतिवर्ष चार से पांच लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित कर रहे हैं।
सुरेंद्र सिंह रावत ने वर्ष 2021 में सेब बागवानी शुरू की थी। उद्यान विभाग की योजनाओं से ट्रैक्टर, पॉलीहाउस और तकनीकी सहयोग मिलने के बाद उन्होंने मत्स्य पालन व बकरी पालन को भी आय का स्रोत बनाया। वहीं मंगल सिंह चौधरी ने सेब के साथ अन्य बागवानी फसलों का उत्पादन बढ़ाकर प्रदेश की विभिन्न मंडियों तक अपनी पहुंच बनाई है।
जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन सिंह भंडारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उद्यान विभाग किसानों को उच्च गुणवत्ता के पौधे, प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि जमरिया के किसानों की सफलता आधुनिक बागवानी और सरकारी योजनाओं के प्रभावी उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो अन्य किसानों और युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!