राज्य आंदोलनकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों की समस्याओं का प्राथमिकता पर करें समाधान

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य आंदोलनकारियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की समस्याओं के समाधान को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य आंदोलनकारी मंच और स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी कल्याण समिति के प्रतिनिधियों ने लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधियों ने स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी स्मृति स्थल के अधूरे कार्य, शहीद राज्य आंदोलनकारियों के चित्र, स्मारक पट्ट, विद्युत-पेयजल सुविधाएं तथा नई टिहरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक निर्माण की मांग रखी। जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान प्रेरणादायी है तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सुमन पार्क से जुड़े मामलों पर दोनों पक्षों को संयुक्त निरीक्षण कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को सभी लंबित मामलों में शीघ्र कार्रवाई कर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में राज्य आंदोलनकारी, स्वतंत्रता सेनानी, उनके उत्तराधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
