प्रत्येक बीएलओ के पास उपलब्ध रहेंगे 100-100 फार्म 6
विकास गर्ग / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। उत्तराखण्ड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण के सम्बंध में बुधवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ0 बी वी आर सी पुरुषोत्तम ने सचिवालय में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची की डिजिटल प्रति सौंपी। इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों का एसआईआर के पहले चरण में दिए गए सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने राजनैतिक दलों को अवगत कराया कि उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रथम चरण पूर्ण होने के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची का दिनांक 14 जुलाई 2026 को प्रकाशन कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि एसआईआर के प्रथम चरण पूर्ण होने के बाद प्रदेश में 71,33,785 मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 8 लाख 26 हजार मतदाता एएसडी श्रेंणी में पाए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पूर्व में 11733 मतदान केंद्रों के सापेक्ष वर्तमान में मतदान केंद्रों की संख्या 12543 हो गई है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बीएलओ को 100-100 फार्म 6 उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि जो नागरिक किसी भी वजह से मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं करा पाए उन्हें पुनः अवसर मिल सके। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में बताया कि आयोग द्वारा मतदाताओं को 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 के बीच फार्म 6,7 और 8 पर दावे एवं आपत्तियों को दर्ज करने का समय दिया गया है। उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के लिए एक व्यक्ति द्वारा अधिकतम 5 आक्षेप ही प्रस्तुत किए जा सकेंगे। एक ही व्यक्ति द्वारा नाम हटाने के लिए यदि 5 से अधिक आक्षेप प्रस्तुत करने पर ईआरओ द्वारा ऐसे प्रकरणों की व्यक्तिगत जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक नोटिस की अवधि एवं दावे आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल 71,33,785 मतदाताओं में से लगभग 19 लाख मतदाताओं में विभिन्न प्रकार की विसंगति प्राप्त हुई जिन्हें सम्बंधित ईआरओ/एईआरओ द्वारा नोटिस जारी किए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों से नोटिस फेज मे बीएलए को और भी सक्रियता से भागीदारी करने का अनुरोध किया।

ये रहे मौजूद
इस अवसर पर बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा0 विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास सहित सहित भाजपा, कांग्रेस,आम आदमी पार्टी,बीएसपी, सीपीआई (एम) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मतदाता सुविधा एवं पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा
पौड़ी। विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत 14 जुलाई को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया, मतदाता सुविधा एवं पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, संशोधन कराने और त्रुटियों के संबंध में सक्रिय सहयोग की अपील की।
राजनीतिक दलों के साथ की बैठक
टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली, दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया तथा सुनवाई की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली प्रकाशित हो चुकी है। 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी, जबकि 15 सितम्बर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
टिहरी में प्रारूप निर्वाचक नामावली प्रकाशित
टिहरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत टिहरी गढ़वाल की छह विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप निर्वाचक नामावली प्रकाशित कर दी गई है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बताया कि जनपद के 994 मतदान स्थलों पर कुल 4,63,628 मतदाता पंजीकृत हैं। प्रारूप मतदाता सूची 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक सभी मतदान केंद्रों, ईआरओ एवं एईआरओ कार्यालयों के साथ-साथ निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और ईसीआईनेट एप पर अवलोकन के लिए उपलब्ध रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!