20 जुलाई तक टीबी स्क्रीनिंग अभियान पूरा करने के दिए निर्देश

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के सभी चिन्हित क्षेत्रों में टीबी स्क्रीनिंग अभियान 20 जुलाई तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति की स्क्रीनिंग सुनिश्चित करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि जनपद के 412 हाई रिस्क गांवों में से 361 गांवों में अभियान संचालित किया जा चुका है और अब तक 13,765 एक्स-रे किए गए हैं। जिलाधिकारी ने अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में निक्षय मित्र योजना एवं कुपोषण की भी समीक्षा की गई। सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने बताया कि जनपद में 95 बच्चे कुपोषण की श्रेणी में चिन्हित हैं। जिलाधिकारी ने एक माह के भीतर विशेष अभियान चलाकर बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश दिए।
