मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के चयन समयबद्ध और पारदर्शी कराने के निर्देश

टिहरी। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 की चयन प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाए, ताकि पात्र खिलाड़ियों को योजना का लाभ मिल सके।
बैठक में जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने बताया कि योजना के तहत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 300 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जिसमें 150 बालक और 150 बालिकाएं शामिल हैं। चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 1500 रुपये छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। खिलाड़ियों का चयन स्वास्थ्य परीक्षण एवं विभिन्न खेल फिटनेस परीक्षणों के आधार पर किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी चयन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
