नीलकंठ कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश

पौड़ी। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली विश्व प्रसिद्ध नीलकंठ कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को नीलकंठ महादेव मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर यात्रा मार्ग, मंदिर परिसर, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, यातायात, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पैदल मार्गों, सड़कों, शौचालयों, पार्किंग स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए गड्ढों की मरम्मत, जल निकासी, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, रेलिंग, दिशासूचक बोर्ड और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने 25 जुलाई तक मंदिर क्षेत्र की सफाई पूर्ण करने तथा यात्रा अवधि तक विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली एवं पेयजल की निर्बाध आपूर्ति, मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, स्वास्थ्य केंद्रों, एंबुलेंस एवं आपदा प्रबंधन तैयारियों की भी समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
