श्रम उन्मूलन अभियान के निरीक्षण में नहीं मिला कोई बाल श्रमिक

पौड़ी। बाल एवं किशोर श्रम उन्मूलन को लेकर सतपुली बाजार क्षेत्र में संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया गया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी मोहन बेलवाल के नेतृत्व में जिला टास्क फोर्स की टीम ने कोटद्वार रोड, पौड़ी रोड, बांघाट रोड एवं बस स्टेशन क्षेत्र के व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान किसी भी बालक अथवा किशोर को श्रम करते हुए नहीं पाया गया। टीम ने व्यापारियों एवं आमजन को बाल श्रम कानूनों की जानकारी देते हुए बच्चों को शिक्षा एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की। अभियान में श्रम, पुलिस, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं बाल संरक्षण इकाई के अधिकारी मौजूद रहे।
