जीवन में सफलता का आधार है स्वयं का परिश्रम और निरंतर अभ्यास

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के डॉ. भीमराव अंबेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस एवं निःशुल्क सिविल सेवा कोचिंग योजना के संयुक्त तत्वावधान में सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को यूपीएससी एवं यूकेपीएससी परीक्षाओं की तैयारी, पाठ्यक्रम और चयन प्रक्रिया की जानकारी देकर प्रभावी रणनीति के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. एम.एम. सेमवाल के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासित अध्ययन, समय प्रबंधन और नियमित अभ्यास के महत्व से अवगत कराया। मुख्य वक्ता उत्तराखंड सरकार के 2024 बैच के डीएसपी मनीष रमोला ने यूपीएससी, यूकेपीएससी और यूपीएससी सीएपीएफ परीक्षाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए स्मार्ट स्टडी, प्रमाणिक अध्ययन सामग्री, नियमित पुनरावृत्ति, समसामयिक घटनाओं का विश्लेषण और उत्तर लेखन अभ्यास आवश्यक है। उन्होंने मॉक टेस्ट एवं पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों के अभ्यास को भी महत्वपूर्ण बताया। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एआई अध्ययन को व्यवस्थित करने में सहायक हो सकता है, लेकिन सफलता का आधार स्वयं का परिश्रम और निरंतर अभ्यास है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अरविंद सिंह रावत ने किया। इस अवसर पर डॉ. आशीष बहुगुणा, डॉ. प्रकाश सिंह, डॉ. वीर सिंह, डॉ. शैलेन्द्र चमोला, डॉ. मुकेश सहाय सहित शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में प्रो. एम.एम. सेमवाल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन और समर्पण के साथ लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रेरित किया।
