बारिश से पुश्ता ढहा, चार-पांच मकान क्षतिग्रस्त, डीएम ने संभाली राहत व्यवस्था


देहरादून। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार देर शाम करीब 9रू30 बजे पठरिया पीर क्षेत्र की विजय कॉलोनी स्थित नई बस्ती में एक पुश्ता अचानक भरभराकर ढह गया। पुश्ते की दीवार नीचे बने मकानों पर गिरने से चार से पांच मकान क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान देर रात मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मलबे में महिला के दबे होने की सूचना पर राहत टीमों ने तेजी से खोज एवं बचाव अभियान चलाया। हादसे में विजय कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय विमला देवी पत्नी स्वर्गीय बृजेश को हल्की चोटें आईं, जिन्हें 108 सेवा से अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पुश्ते के आसपास स्थित सभी मकानों को खाली कराकर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को क्षेत्र की लगातार निगरानी, पुश्ते की तकनीकी जांच और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मौके पर पुलिस, एसडीआरएफ और विभागीय टीमें तैनात हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!