ग्वालदम में फिर शुरू हुआ संडे मार्केट, महिलाओं को मिला स्थानीय उत्पादों का बाजार

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो/हरेंद्र बिष्ट।
थराली। गढ़वाल-कुमाऊं की मध्यस्थली पर्यटन नगरी ग्वालदम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के सहयोग से संडे मार्केट का पुनः शुभारंभ किया गया। बाजार में स्थानीय स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने जैविक और हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टॉल लगाकर बिक्री की।
यह पहल ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को मजबूत करने और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पूर्व में तत्कालीन खंड विकास अधिकारी मोहन जोशी के कार्यकाल में शुरू किए गए इस बाजार को अब खंड विकास अधिकारी नितिन धानिया ने दोबारा प्रारंभ कराया।
ग्राम विकास अधिकारी रजनीश कांडपाल ने बताया कि बाजार के माध्यम से ग्रामीणों को उचित मूल्य और बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। भविष्य में इसका विस्तार किया जाएगा। आयोजन में एनआरएलएम टीम, स्वयं सहायता समूहों और ब्लॉक कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग दिया। महिलाओं ने बाजार के प्रति उत्साह दिखाया।
