एक माह में 384 प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट, 140 को नोटिस

टिहरी। जनपद में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं नागरिकों-पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में अग्नि सुरक्षा अभियान तेज कर दिया गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीवा कुमार के नेतृत्व में पिछले एक माह में होटल, रिसॉर्ट, होम स्टे, अस्पताल, रेस्टोरेंट सहित 384 प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट किया गया।
निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी सिस्टम, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकासी मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य मानकों की जांच की गई। सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर 140 प्रतिष्ठानों व संपत्ति स्वामियों को नोटिस जारी किए गए। विभाग ने निर्धारित समय में कमियां दूर नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी है। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि जनसुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। अग्निशमन विभाग द्वारा जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
