394 ग्राम चरस के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार

देहरादून। मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि विजन और ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए रायपुर क्षेत्र से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 394 ग्राम अवैध चरस बरामद की है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
थाना रायपुर पुलिस ने 2 जुलाई को सघन चेकिंग अभियान के दौरान गुरुद्वारा रोड के सामने मुखबिर की सूचना पर सोहीन पुत्र संजय कुमार (20 वर्ष), निवासी जसोवाला सपेरा बस्ती, सहसपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 394 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी करता है और स्वयं भी नशे का आदी है। उसने स्थानीय नशा तस्करों से कम कीमत पर चरस खरीदकर उसे अधिक दामों में बेचने की योजना बनाई थी, ताकि नशे और अन्य जरूरतों के लिए पैसा जुटा सके। इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी के नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।
