पुलिस ने पकड़े तीन शातिर वाहन चोर, 8 दोपहिया वाहन और एक्टिवा के पार्ट्स बरामद


देहरादून। नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं का दून पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के आठ दोपहिया वाहन तथा दो एक्टिवा के इंजन और अन्य पार्ट्स बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी सुनियोजित तरीके से सुनसान स्थानों की रेकी कर वाहन चोरी करते थे और पुलिस से बचने के लिए वाहनों के पार्ट्स अलग कर कबाड़ियों को बेच देते थे।
नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से दोपहिया वाहन चोरी की शिकायतें मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पूर्व में वाहन चोरी में शामिल अपराधियों का भी सत्यापन किया गया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 2 जुलाई को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर मोहन क्षेत्री उर्फ मांचा, वीरपाल उर्फ भेड़ और अरसल को नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी की दो मोटरसाइकिल, छह एक्टिवा तथा दो एक्टिवा के इंजन और अन्य पार्ट्स बरामद किए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मोहन दिहाड़ी मजदूर और वीरपाल सिटी बस में परिचालक का काम करता है तथा दोनों नशे के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए वे मास्टर-की या लॉक तोड़कर सुनसान स्थानों से दोपहिया वाहन चोरी करते थे। इसके बाद चोरी के वाहन अपने साथी अरसल को बेच देते थे, जो मैकेनिक होने के कारण उनके पार्ट्स निकालकर कबाड़ियों को बेच देता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मोहन क्षेत्री पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। दून पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी में संलिप्त अन्य व्यक्तियों और चोरी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!