टिहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 54 लाख के बैंक गबन में बैंक कैशियर गिरफ्तार

टिहरी। आर्थिक अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत टिहरी पुलिस ने करीब ’’54 लाख रुपये के बैंक गबन’’ मामले का खुलासा करते हुए उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक की कमांद शाखा के तत्कालीन कैशियर ’’अभिलाष शर्मा’’ को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ’’श्वेता चौबे’’ के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार किया।
30 जून को शाखा प्रबंधक की शिकायत पर थाना छाम में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने खाताधारकों के फर्जी हस्ताक्षर और फर्जी निकासी वाउचरों का उपयोग कर विभिन्न खातों से करीब 54 लाख रुपये का गबन किया। पुलिस ने बैंक अभिलेख, बैंक स्टेटमेंट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच में पाया कि गबन की गई राशि का कुछ हिस्सा आरोपी ने अपने तथा रिश्तेदारों के खातों में स्थानांतरित किया था। पुलिस अब गबन की पूरी धनराशि, फंड फ्लो और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि आर्थिक अपराध जनता के विश्वास पर चोट हैं और ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
