नन्दा देवी राजजात की तैयारियों की समीक्षा, व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

चमोली। आगामी ’’श्री नन्दा देवी राजजात’’ के सफल आयोजन को लेकर गोपेश्वर स्थित जिला सभागार में मुख्य विकास अधिकारी ’’डॉ. अभिषेक त्रिपाठी’’ की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा मार्गों, पड़ाव स्थलों और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, खाद्य सामग्री, शौचालय, पार्किंग, संचार, स्वच्छता एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कर्णप्रयाग-नोटी-पैठाणी, नन्दानगर-रामणी, थराली-मुन्दोलीदृवाण तथा ग्वालदम-नन्दकेसरी मार्गों सहित पैदल रास्तों के सुधारीकरण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए रीप योजना के माध्यम से सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक में राजजात समिति के प्रतिनिधियों ने भी सुझाव दिए, जिन पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला पर्यटन अधिकारी अरविन्द गौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
