औचक निरीक्षण में अनुपस्थित डॉक्टर से स्पष्टीकरण और वेतन रोकने के निर्देश

उत्तरकाशी। ब्लॉक प्रमुख डुण्डा राजदीप सिंह परमार ने राजकीय पशु चिकित्सालय डुण्डा का औचक निरीक्षण किया, जिसमें पशु चिकित्साधिकारी डॉ. चेतना अनुपस्थित मिलीं। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की शिकायतों और बीडीसी बैठक में उठे मुद्दे के बाद यह निरीक्षण किया गया।
अभिलेखों की जांच में डॉ. चेतना की पिछले माह केवल 13 दिनों की उपस्थिति दर्ज मिली, जबकि स्थानीय लोगों और कर्मचारियों के अनुसार वे पूरे माह में केवल एक दिन ही अस्पताल आई थीं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सीवीओ) से मिली जानकारी के अनुसार वे बिना पूर्व अनुमति या स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित थीं। मामले को गंभीर मानते हुए ब्लॉक प्रमुख ने सीवीओ को डॉ. चेतना से तत्काल स्पष्टीकरण प्राप्त करने तथा जांच पूरी होने तक उनका वेतन रोकने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विभागों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
