पात्र लाभार्थियों तक हर योजना का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: वीके संत

हरिद्वार। जनपद प्रभारी सचिव वीके संत ने विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
बैठक में स्वास्थ्य, ग्राम्य विकास, शिक्षा, बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, समाज कल्याण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा जल जीवन मिशन सहित विभिन्न विभागों की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने, मनरेगा के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को रोजगार सुनिश्चित करने, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को नियमित राशन वितरण तथा जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी सचिव ने विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही जनपद में चिकित्सकों की कमी दूर कर स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों की सराहना करते हुए इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रखने का आह्वान किया।
बैठक से पूर्व जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रभारी सचिव का पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया तथा जनपद में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रभारी सचिव ने किया विकास भवन का निरीक्षण
हरिद्वार। जनपद प्रभारी सचिव वीके संत ने बुधवार को विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों में आने वाले आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने बाल विकास विभाग में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की समीक्षा की तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद की कोई भी गर्भवती एवं धात्री महिला पंजीकरण से वंचित न रहे और सभी पात्र महिलाओं को शासन की योजनाओं का समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराया जाए। समाज कल्याण विभाग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पेंशन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने पेंशन योजनाओं से संबंधित अद्यतन आंकड़े उपलब्ध कराने तथा कार्यालयों में अभिलेखों एवं पत्रावलियों का सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
जनसेवाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता पर दिया जोर
हरिद्वार। उत्तराखंड शासन के परिवहन सचिव बृजेश कुमार संत ने बुधवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कार्यालय, हरिद्वार का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं, अभिलेखों, नागरिक सुविधाओं और कार्यालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, परमिट, फिटनेस, ग्रीन कार्ड तथा अन्य परिवहन सेवाओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, रिकॉर्ड प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने तथा कार्यालय भवन के आधुनिकीकरण के लिए विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने चारधाम यात्रा के मद्देनज़र ग्रीन कार्ड, फिटनेस परीक्षण और परमिट संबंधी सेवाओं को निर्बाध बनाए रखने पर भी जोर दिया। सचिव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में एआरटीओ हरिद्वार द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति पर अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यालय परिसर की स्वच्छता, अनुशासन और सूचना प्रौद्योगिकी आधारित सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह सहित परिवहन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
