जिलाधिकारी ने हर्षिल क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण, दिए निर्देश

उत्तरकाशी। भटवाड़ी तहसील अंतर्गत सीमांत हर्षिल में भागीरथी नदी के बढ़ते जलस्तर से उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बुधवार को क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को नदी तट सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने तथा सभी कार्यों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने गढ़वाल मंडल विकास निगम के समीप चल रहे सीसी ब्लॉक और वायरक्रेट कार्यों का निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था को श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि मानसून के दौरान आवासीय भवनों और भूमि को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने नदी के बहाव में बाधा उत्पन्न कर रहे पेड़ों को हटाने के लिए सिंचाई विभाग को तत्काल कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की निरंतर निगरानी रखने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जन सुरक्षा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान सेना, प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
