श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में सड़क नेटवर्क होगा और सुदृढ़: डॉ. धन सिंह


श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए खिर्सू, पाबों और थलीसैण विकासखंडों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत 23 नए मोटरमार्गों का निर्माण किया जाएगा। इससे क्षेत्र के दूरस्थ गांवों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी और ग्रामीण संपर्क मजबूत होगा।
सूबे के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास पर उत्तराखंड ग्रामीण सड़क विकास एजेंसी (यूआरआरडीए) और पीएमजीएसवाई अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न सड़क परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रस्तावित मोटरमार्गों, डामरीकरण कार्यों, नए सर्वेक्षण और आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से गांव-गांव सड़क सुविधा पहुंचेगी और क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी।
डॉ. रावत ने आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक गांव को सुरक्षित और बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ना है। इससे पर्यटन, कृषि और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। अधिकारियों ने बताया कि कई मोटरमार्गों को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया जा चुका है तथा शेष परियोजनाओं का कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!