मानसून को लेकर गढ़वाल मंडल हाई अलर्ट पर, चारधाम यात्रा की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता

देहरादून। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए गढ़वाल मंडल प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप के निर्देशन में सभी जिलाधिकारी समन्वित रणनीति के तहत संभावित आपदा परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों में जुटे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी गई है।
आयुक्त ने बताया कि मानसून से पहले सभी जनपदों में 2 जुलाई को व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी, जिसका उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारी तथा त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना है। उन्होंने कहा कि इससे आपदा प्रबंधन तंत्र की कार्यक्षमता का आकलन कर वास्तविक स्थिति में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, विद्युत और पेयजल विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा सभी को आवश्यक संसाधन और मानवबल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। चारधाम यात्रा मार्गों पर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। गढ़वाल मंडल में जनहानि और नुकसान को न्यूनतम रखने के लिए सभी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
