रोजगार मेले में 39 युवाओं को मिली नौकरी

देहरादून। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में सोमवार को आयोजित लघु रोजगार मेले में 39 युवाओं का विभिन्न निजी कंपनियों में चयन हुआ, जबकि 23 अभ्यर्थियों को दूसरे चरण के साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले मेले में 282 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। रोजगार मेले में विंडलास बायो मेडिसिन, आईपीसीए लेबोरेटरीज, एलआईसी, भारती एयरटेल सहित 12 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग कर युवाओं के साक्षात्कार लिए। चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों को युवाओं के लिए रोजगार का प्रभावी मंच बताया। क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन जारी रहेगा।
