उत्तराखंड के सभी थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। सोशल मीडिया पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम विस्फोट से उड़ाने की धमकी देकर दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले आरोपी को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली नगर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। उसके कब्जे से धमकी भरी पोस्ट प्रसारित करने में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 21 जून को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने संबंधी धमकी भरी पोस्ट प्रसारित की गई थी, जिससे आमजन में भय का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर सोशल मीडिया, डिजिटल फुटप्रिंट, तकनीकी सर्विलांस और साइबर विश्लेषण के माध्यम से जांच की गई। जांच के आधार पर 28 जून को आरोपी जसप्रीत सिंह (26) निवासी अंबाला, हरियाणा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कर्णप्रयाग में हुए एक विवाद और उसके बाद पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर उसने लोगों में दहशत फैलाने और उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने के उद्देश्य से अपनी इंस्टाग्राम आईडी से धमकी भरी टिप्पणी पोस्ट की थी। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
