नशे की लत ने बनाया चोर, बंद मकान में सेंध लगाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

लक्सर। कोतवाली लक्सर पुलिस ने बंद मकान में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई पानी की मोटर और लोहे की सरिया बरामद की है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
ढाढेकी ढाणा मजाहिदपुर निवासी चन्द्रशेखर की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर तंत्र, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय जांच के आधार पर 28 जून को सलीम (22) और दीपक (19) निवासी लक्सर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दिन में बंद मकानों की रेकी करते और रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी का सामान बेचकर मिले पैसों से नशे की लत और अन्य खर्च पूरे करते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
