समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं 171 शिकायतें, अधिकांश का मौके पर हुआ निस्तारण


देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित समाधान दिवस में 171 फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनता दरबार में भूमि विवाद, अतिक्रमण, मुआवजा, बैंक ऋण, आपदा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
ऋषिकेश के 15 युवाओं ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये और पासपोर्ट की ठगी की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को आरोपित के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं चार वर्षों से दिव्यांग पेंशन से वंचित एक व्यक्ति को तत्काल राहत दिलाते हुए मेडिकल जांच और एक सप्ताह के भीतर पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अवैध निर्माण, अतिक्रमण और आपदा से जुड़े मामलों में भी संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


जनसुनवाई में 45 शिकायतें दर्ज, 22 का मौके पर निस्तारण

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 45 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 22 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, पेयजल, विद्युत, राशन कार्ड, अतिक्रमण एवं पुलिस से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। कई प्रार्थियों ने भूमि पैमाइश, चकरोड कब्जा, जलभराव, विद्युत लाइन टूटने तथा अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग रखी। एडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनता मिलन में अधिकांश शिकायतों का मौके पर किया निस्तारण

पौड़ी। अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 25 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में पेयजल, सड़क, सिंचाई, वनाग्नि मुआवजा, अतिक्रमण और मानव-वन्यजीव संघर्ष से जुड़े मामलों पर सुनवाई हुई। अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागों को स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम सूला की पेयजल समस्या का मौके पर ही समाधान कर जलापूर्ति सुचारु कराई गई।


जनता दरबार 68 शिकायतों पर की सुनवाई

नई टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता दरबार में विभिन्न विभागों से संबंधित 68 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए। इनमें पेयजल, विद्युत, मुआवजा, पेंशन, राशन कार्ड और सड़क निर्माण से जुड़े मामले प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर पोर्टल पर अद्यतन जानकारी अपलोड की जाए।


जनता मिलन में अधिकांश शिकायतों का किया समाधान

गोपेश्वर। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 16 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में सड़क, पुल, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, पर्यटन और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता, जवाबदेही और पारदर्शिता बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!