लापता युवती की बरामदगी को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

लक्सर/खानपुर। खानपुर क्षेत्र के गोवर्धनपुर चौकी में शुक्रवार को लापता युवती की बरामदगी की मांग को लेकर परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। उन्होंने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि युवती जल्द नहीं मिली तो आंदोलन किया जाएगा।
गोवर्धनपुर निवासी युवती दो दिन से लापता है। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि युवती की लोकेशन उत्तर प्रदेश के एक गांव में मिलने पर टीम भेजी गई थी, लेकिन वह वहां नहीं मिली। अब युवती की तलाश के लिए स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की मदद ली जा रही है। संभावित स्थानों पर विशेष टीमों को रवाना किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच जारी है और युवती की सकुशल बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
