श्रावण कांवड़ मेले की तैयारियों का मंडलायुक्त ने लिया जायजा, 15 जुलाई तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश


पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी श्रावण कांवड़ मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने नीलकंठ महादेव मंदिर पैदल यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पैदल यात्रा मार्ग, मंदिर परिसर और आसपास विकसित की जा रही व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। पेयजल, शौचालय, पार्किंग, सोलर लाइट, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और साफ-सफाई की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 जुलाई से पहले सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।
मंडलायुक्त ने जिला पंचायत को नियमित और प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, वन विभाग को यात्रा मार्ग पर स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने तथा स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त चिकित्सा दल, एंबुलेंस, आवश्यक दवाइयों और आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अभिषेक वर्मा, लक्ष्मणझूला निरीक्षक सूर्यभूषण नेगी, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, तहसील प्रशासन, व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!