घायल युवक की सूचना पर सूचना विभाग टीम ने बचाई जान

रुद्रप्रयाग। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप शिवनंदी क्षेत्र में गुरुवार दोपहर हुए सड़क हादसे में दो बाइक सवार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गए, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसी दौरान रुद्रप्रयाग लौट रहे अपर जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा, फोटोग्राफर भुवनेश्वर नेगी और चालक संजय सिंह मौके से गुजर रहे थे। उन्होंने तुरंत स्थिति की गंभीरता को समझते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अपर जिला सूचना अधिकारी ने तत्काल पुलिस, जिला आपदा नियंत्रण कक्ष और 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज शुरू हुआ। सूचना विभाग टीम की तत्परता से घायल युवक को समय पर उपचार मिल सका, जिससे उसकी जान बचाने में मदद मिली। स्थानीय लोगों ने टीम की इस मानवीय पहल की सराहना की।
