महापौर की पहल से श्रीनगर में बनेगा अत्याधुनिक ई-वी चार्जिंग स्टेशन, हरित ऊर्जा को मिलेगा बढ़ावा

श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम श्रीनगर ने हरित ऊर्जा और आधुनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एनआईटी के समीप इलेक्ट्रिक वाहन (ई-वी) चार्जिंग स्टेशन के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया है। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को आधुनिक एवं सुविधाजनक चार्जिंग सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
नगर निगम की महापौर आरती भंडारी ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि भविष्य इलेक्ट्रिक वाहनों का है और इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम आधारभूत सुविधाओं का विकास कर रहा है। उन्होंने बताया कि यह चार्जिंग स्टेशन न केवल नागरिकों की सुविधा बढ़ाएगा बल्कि पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पार्षद दिनेश पटवाल भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

प्रेशर हॉर्न फ्री जोन और गोला बाजार सौंदर्यीकरण को मिलेगी रफ्तार
श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी ने शहर को शांत, सुव्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप देने के लिए दो महत्वपूर्ण पहल शुरू की हैं। एक ओर श्रीनगर को प्रेशर हॉर्न फ्री जोन बनाने की प्रक्रिया तेज की जा रही है, वहीं दूसरी ओर ऐतिहासिक गोला बाजार के सौंदर्यीकरण को भी गति दी जा रही है।
महापौर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार से मुलाकात कर प्रेशर हॉर्न फ्री जोन लागू करने में सहयोग का अनुरोध किया। एसएसपी ने पुलिस, परिवहन विभाग और नगर निगम की संयुक्त बैठक कर योजना को प्रभावी रूप से लागू करने का आश्वासन दिया। पहले चरण में पंचपीपल से स्वीत पुल तक क्षेत्र को प्रेशर हॉर्न फ्री जोन बनाने का प्रस्ताव है। महापौर ने बताया कि श्रीनगर शिक्षा का प्रमुख केंद्र है, जहां हजारों विद्यार्थी अध्ययन करते हैं। ऐसे में ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करना आवश्यक है। इसी क्रम में उन्होंने मंडलायुक्त आनंद स्वरूप से गोला बाजार सौंदर्यीकरण के लिए 148.57 लाख रुपये की डीपीआर स्वीकृत करने का अनुरोध किया।
