पहली बार खिताब जीतकर दोनों ने बढ़ाया हरिद्वार का गौरव

हरिद्वार। उत्तराखंड शतरंज जगत में इस वर्ष हरिद्वार के युवा खिलाड़ियों ने एक नया इतिहास रच दिया है। रुद्रपुर में आयोजित 20वीं उत्तराखंड स्टेट शतरंज चैंपियनशिप-2026 में हरिद्वार के दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्गों में राज्य चौंपियन बनने का गौरव हासिल कर जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया है।
प्रतियोगिता में नक्ष चौहान ने अंडर-9 ओपन वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस जीत के साथ नक्ष लगातार दूसरी बार राज्य चैंपियन बने हैं, जो उनकी प्रतिभा, निरंतर अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। वहीं ध्रुव विश्नोई ने अंडर-13 ओपन वर्ग में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर राज्य चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों से आए कई अनुभवी और उच्च रेटिंग वाले खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए यह सफलता प्राप्त की। लंबे समय से राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिताओं में अन्य जिलों के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिलता रहा है, लेकिन इस बार हरिद्वार के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
नक्ष चौहान और ध्रुव विश्नोई दोनों उत्कर्ष स्पोर्ट्स फेडरेशन एवं विक्ट्री क्लासेज की शतरंज प्रशिक्षण इकाई ‘शतरंज चैस क्लासेस’ से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उनके प्रशिक्षक डॉ. मुकुल बेंजवाल और राहुल बत्रा ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और उनके अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है।

राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
राज्य चैंपियन बनने के बाद दोनों खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए हो गया है। अब हरिद्वार सहित पूरे उत्तराखंड की उम्मीदें इन युवा खिलाड़ियों से जुड़ गई हैं। खेल प्रेमियों, अभिभावकों और शतरंज समुदाय ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
