एसटीपी निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश, मानकों के उल्लंघन पर फर्म पर 6.16 लाख का जुर्माना

टिहरी गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जनपद में निर्माणाधीन सीवेज शोधन संयंत्रों (एसटीपी) की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में एनजीटी मानकों के अनुपालन, सीवर प्रबंधन और परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि ढालवाला ऋषिकेश में 8 एमएलडी एसटीपी का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और इसका परीक्षण संचालन जारी है। वहीं 300 केएलडी क्षमता के दूसरे संयंत्र का करीब 30 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुआ है। नरेंद्रनगर में 2 एमएलडी एसटीपी का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। निरीक्षण के दौरान मानकों के उल्लंघन पाए जाने पर तपोवन स्थित 3.5 एमएलडी एसटीपी का संचालन कर रही फर्म पर 6.16 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, एनजीटी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और होटल-स्थापनों में एसटीपी की अनिवार्यता की जांच करने के निर्देश दिए।
