प्रदेश में चलेगा ‘’खेत बचाओ जीवन बचाओ’’ अभियान: डा. धन सिंह

नई दिल्ली/देहरादून। सूबे के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नई दिल्ली में इफको अध्यक्ष दिलीप संघानी से मुलाकात कर उत्तराखंड में कृषि एवं सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में किसानों के हित में “खेत बचाओ जीवन बचाओ” अभियान को प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर चलाने की रणनीति तैयार की गई।
इफको मुख्यालय में हुई इस बैठक के दौरान डॉ. रावत ने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य सुधार, जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा संतुलित उर्वरक उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने पर भी चर्चा की। डॉ. रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में प्राकृतिक खेती और किसान सशक्तिकरण की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है। इफको अध्यक्ष दिलीप संघानी ने प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए उत्तराखंड में शीघ्र बड़े किसान सम्मेलन के आयोजन की बात कही। बैठक में इफको के प्रबंध निदेशक के.जे. पटेल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
