सुरकंडा देवी मंदिर पार्किंग निर्माण की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी नाराज


टिहरी गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कद्दूखाल स्थित मां सुरकंडा देवी मंदिर के निकट निर्माणाधीन बहुस्तरीय वाहन पार्किंग का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार परियोजना की स्वीकृत लागत 834.89 लाख रुपये तथा अनुबंधित लागत 794.28 लाख रुपये है। पार्किंग की क्षमता 106 वाहनों की होगी और इसे नवंबर 2026 तक पूरा किया जाना है। निरीक्षण में पाया गया कि निर्माण स्थल पर केवल 12 श्रमिक कार्यरत हैं तथा परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 20 प्रतिशत ही है।
जिलाधिकारी ने श्रमिकों की संख्या बढ़ाने, कार्य में तेजी लाने और एक सप्ताह के भीतर आगामी छह माह की चरणबद्ध कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा तथा लापरवाही मिलने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिला पर्यटन विकास अधिकारी को प्रत्येक 15 दिन में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्किंग निर्माण पूरा होने से मां सुरकंडा देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!