कांवड़ मेला से संबंधित सभी स्थायी कार्य 10 जुलाई तक करें पूर्ण: जिलाधिकारी

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
पौड़ी। आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप संचालित करने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में एनआईसी कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नीलकंठ महादेव मंदिर क्षेत्र, यात्रा मार्गों और पार्किंग स्थलों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा से जुड़े स्थायी प्रकृति के कार्य 10 जुलाई तक हर हाल में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग, साइन बोर्ड, पेयजल, शौचालय, विद्युत और स्वच्छता व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने पर जोर दिया। नीलकंठ क्षेत्र में सुरक्षा दीवार, पुलिया मरम्मत और व्यू-कटर निर्माण सहित विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही लीगेसी वेस्ट निस्तारण, पार्किंग समतलीकरण और सोलर लाइट स्थापना के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 24 घंटे चिकित्सा शिविर और अन्य स्थानों पर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन, अग्निशमन व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को मजबूत करने के भी निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम अनुभव मिल सके।
