प्रदेश में पुलिस की मौजूदगी में सकुशल संपन्न हुई नीट परीक्षा
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित नीट परीक्षा को देहरादून पुलिस ने कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया। जनपद के 16 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई, जहां सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। साथ ही सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखी गई।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास नियमित गश्त जारी रखी जाए तथा किसी भी अवांछित गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा पुलिस द्वारा होटल, ढाबों, धर्मशालाओं और गेस्ट हाउसों की भी सघन जांच की गई ताकि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि न हो। पुलिस अधीक्षकों एवं क्षेत्राधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
नीट परीक्षा के दौरान पौड़ी पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
पौड़ी। नीट यूजी 2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पौड़ी पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रही। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश से पूर्व सघन जांच की गई तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया गया। केंद्रों के भीतर और बाहर पुलिस बल तैनात रहा, जिसने पूरे समय सतर्कता के साथ निगरानी की। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए नियमित गश्त और चेकिंग अभियान भी चलाया गया। वहीं, परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा गया। पुलिस अधिकारियों ने समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पौड़ी पुलिस की सतर्कता से परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

डीएम ने किया केंद्रीय विद्यालय का औचक निरीक्षण
उत्तरकाशी। प्रशांत आर्य ने नीट परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मनेरा का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन जांच, प्रवेश पत्र और पहचान पत्रों का गहन सत्यापन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने इन्विजिलेटर्स को पूरी सतर्कता बरतने तथा कंट्रोल रूम से सीसीटीवी के माध्यम से परीक्षा गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!