गांव-गांव पहुंचा नशामुक्ति जागरूकता का संदेश

टिहरी। एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ अभियान के तहत जनपदभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। नरेंद्रनगर से आगरा खाल तक 12 किलोमीटर लंबी पदयात्रा, जौनपुर ब्लॉक सभागार में जागरूकता कार्यक्रम तथा विभिन्न विद्यालयों और शिविरों के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने और मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई समाज और पुलिस की साझा जिम्मेदारी है तथा जनसहभागिता से ही नशामुक्त टिहरी और नशामुक्त भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
