पाबौं, चाकीसैण व थलीसैण में बनेंगे हैलीपैड: डा. धन सिंह रावत

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पाबौं, चाकीसैण और थलीसैण में हैलीपैड का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन, साहसिक खेलों और कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।
कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डा. धन सिंह रावत ने पर्यटन, गढ़वाल मंडल विकास निगम और नागरिक उड्डयन विभाग की संयुक्त बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में पैठाणी स्थित राहू मंदिर को विशेष पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके लिए डीपीआर तैयार करने को कहा गया तथा पार्किंग निर्माण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा श्रीनगर-खिर्सू-पौड़ी पर्यटन सर्किट के अंतर्गत कमलेश्वर महादेव, धारी देवी, देवलगढ़, कंडोलिया मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि पाबौं और चाकीसैण में हैलीपैड का सर्वे पूरा हो चुका है, जबकि थलीसैण में सर्वे कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में पर्यटन विकास और स्थानीय रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
