जिलाधिकारी ने किया नकोट स्वास्थ्य उपकेंद्र का निरीक्षण

टिहरी गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने ग्राम नकोट स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (टाइप-ए उपकेंद्र) का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी कक्ष, ड्रेसिंग रूम, फार्मेसी एवं आयुष विंग का अवलोकन किया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक सैनी ने बताया कि उपकेंद्र में प्रतिदिन 15 से 20 मरीज ओपीडी सेवाओं का लाभ ले रहे हैं। जिलाधिकारी ने रेफरल रजिस्टर की जांच के दौरान पाया कि मरीजों के फॉलोअप विवरण नियमित रूप से दर्ज नहीं किए जा रहे हैं, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और सुधार के निर्देश दिए। आयुष विंग में सेवाएं संतोषजनक पाई गईं, जबकि प्रसूति कक्ष का कार्य अधूरा होने पर शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। परिसर में बिना चालक खड़े वाहन के निस्तारण के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रशासन की प्राथमिकता हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
