ग्रामीणों ने उठाईं सड़क और पेयजल की समस्याएं
रुद्रप्रयाग। जिले के ऊखीमठ विकासखंड की ग्राम पंचायत पठाली में आयोजित सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल और जंगली जानवरों के आतंक सहित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। ग्रामीणों ने अधूरे सड़क मार्ग का निर्माण पूरा करने तथा प्रस्तावित पेयजल योजना से गांव को जोड़ने की मांग की। महिलाओं ने भालू और बाघ के बढ़ते खतरे तथा सोलर लाइट लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया। जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर ने सभी समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का आश्वासन दिया।
