गढ़वाल आयुक्त ने औचक निरीक्षण में लापरवाही पर जताई नाराजगी

श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने बुधवार को पौड़ी स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संभागीय परिवहन कार्यालय, संयुक्त निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा अपर निदेशक कृषि कार्यालय का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, शिकायत पेटी स्थापना और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
संभागीय परिवहन कार्यालय में आयुक्त ने चारधाम यात्रा मार्ग की पार्किंग व्यवस्था, सीएम हेल्पलाइन मामलों और सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति की जानकारी ली। वहीं उद्यान विभाग में अभिलेखों के रखरखाव, योजनाओं के प्रचार-प्रसार और अनुपयोगी सामग्री की नीलामी के निर्देश दिए।
अपर निदेशक कृषि कार्यालय के निरीक्षण के दौरान प्रधान सहायक के अनुपस्थित मिलने और किसान सम्मान निधि संबंधी समस्या लेकर आए कृषक की सुनवाई न होने पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय वाहन और चालक को आयुक्त कार्यालय से संबद्ध करने तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए। आयुक्त ने सभी विभागों को जनहित कार्यों में लापरवाही न बरतने और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
