मसूरी के होम स्टे में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, जांच में जुटी पुलिस

देहरादून। मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित टिपरीधार के एक होम स्टे में ठहरी 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली मसूरी पुलिस और 108 एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची, जहां महिला को मृत घोषित कर दिया गया। मृतका की पहचान दिल्ली निवासी पी. राधा गायत्री के रूप में हुई है, जो अपने पति के साथ घूमने आई थीं।
पुलिस जांच में सामने आया कि दंपति 13 जून को दिल्ली से उत्तराखंड पहुंचे थे और 14 जून की रात मसूरी स्थित होम स्टे में ठहरे थे। पति के अनुसार दोनों ने रात में शराब का सेवन किया था और तड़के सोने के बाद सुबह पत्नी अचेत अवस्था में मिली। मौके पर महिला की नाक से रक्तस्राव और शरीर से मूत्र निकलने की स्थिति पाई गई।
घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट देहरादून और कार्यपालक मजिस्ट्रेट को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। पुलिस ने वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और अन्य आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल, देहरादून भेजा गया।
16 जून को डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में मृतका के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए चिकित्सकों ने बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बिसरा परीक्षण और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही सामने आएगा।
मृतका के पिता ने मृत्यु के कारणों की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। इसके आधार पर पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और वैज्ञानिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट निष्कर्ष निकाला जाएगा। फिलहाल मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।
