कोटद्वार पुलिस ने खोज निकाले गुम हुए चार लाख रुपये

पौड़ी। कोटद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुम हुई चार लाख रुपये की नकद धनराशि बरामद कर उसके वास्तविक मालिकों को सौंप दी। आकिब खान और मोहम्मद जीशान ने पुलिस को बताया था कि आईडीबीआई बैंक से चार लाख रुपये निकालने के बाद घर जाते समय उनका रुपयों से भरा बैग कहीं गिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने बैंक से लेकर पूरे मार्ग का निरीक्षण किया और विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। कई घंटों की खोजबीन, तकनीकी विश्लेषण और सतर्क प्रयासों के बाद पुलिस ने पूरी धनराशि सुरक्षित बरामद कर ली। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रकम दोनों युवकों को सौंप दी गई। युवकों ने राहत जताते हुए पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की सराहना की।
