राशन कार्ड सत्यापन अभियान तेज, 7,799 अपात्र कार्ड निरस्त

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद पौड़ी में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए राशन कार्ड सत्यापन अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक 7,799 अपात्र, मृतक, स्थानांतरित एवं अन्य अयोग्य लाभार्थियों के राशन कार्ड निरस्त किए गए हैं। इनके साथ संबद्ध 31,268 यूनिट भी समाप्त कर दी गई हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि सभी तहसीलों में चल रहे सत्यापन अभियान के दौरान अंत्योदय, प्राथमिक परिवार और राज्य खाद्य योजना के कार्डों की जांच की जा रही है। कोटद्वार क्षेत्र में सबसे अधिक 3,303 राशन कार्ड निरस्त किए गए हैं। वहीं सितंबर 2025 से अब तक 3,347 नए पात्र परिवारों को राशन कार्ड जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाने और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
